सिवनी- ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की मंशानुसार प्रत्येक अति उच्चदाब सब स्टेशन में सप्लाई के लिए 1 से अधिक विकल्प की व्यवस्था रखने के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने सिवनी जिले के तहसील मुख्यालय घंसौर में प्रदेश का 400वाँ अति उच्चदाब का सब स्टेशन ऊर्जीकृत किया है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने जानकारी दी है कि कंपनी ने सिवनी जिले के घंसौर में अति उच्चदाब का एक नया 132 KV सब स्टेशन स्थापित किया है। इसके अलावा प्रदेश में 400 KV के 14 सब स्टेशन तथा 220 KV के 84 सब स्टेशन क्रियाशील हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
350 गाँवों के 21 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
अति उच्चदाब सब स्टेशन के प्रारंभ हो जाने से आदिवासी क्षेत्र घंसौर के घने जंगलों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बसे 350 गाँव के करीब 21 हजार उपभोक्ताओं के लिए सतत् विद्युत प्रदाय की जा सकेगी।
ब्राडगेज रेल लाईन को मिलेगी बिजली
घंसौर सब स्टेशन में 132 KV नैनपुर सब स्टेशन से 132 KV का एक फीडर लाया गया है। 132 KV सब स्टेशन घंसौर से रेलवे के लिए 132 KV का एक RTS फीडर भी तैयार किया गया है। सब स्टेशन शुरू होने के साथ ही मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 132 KV के रेलवे ट्रेक्शन फीडर को सप्लाई देना प्रारंभ कर दिया गया है।
सिवनी जिले का यह चौथा अति उच्चदाब का सब स्टेशन होगा। इसके पहले जिले को 220 KV सब स्टेशन सिवनी, 132 KV सब स्टेशन सिवनी तथा 132 KV लखनादौन से विद्युत आपूर्ति की जाती थी। उल्लेखनीय है कि सिवनी जिले में सर्वप्रथम 132 KV सब स्टेशन की स्थापना सिवनी में 3 फरवरी 1975 को हुई थी।