Seoni (यक्ष-प्रश्न) 16 जून 2025– सिवनी जिले में 13 मई से 15 जून 2025 तक “कमाल का कैंप 2025” के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में Summer Camp आयोजित किए गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसी श्रृंखला में शासकीय उन्नयन प्राथमिक शाला, पटेल टोला (बरघाट) में भी समर कैंप का सफल आयोजन किया गया।
इस कैंप का उद्देश्य बच्चों को गणितीय सोच, संख्या ज्ञान और बुनियादी अवधारणाओं को रचनात्मक एवं आनंददायक तरीकों से सिखाना था।

कैंप की गतिविधियों में बच्चों ने खेल, समूह चर्चा, माइंड मैप, इबारती प्रश्नों, गणितीय पहेलियों आदि के माध्यम से सीखने की कोशिश की। इसके साथ ही योग, मेडिटेशन, ग्रामीण नक्शा निर्माण, चित्रांकन जैसी रचनात्मक गतिविधियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में योगदान दिया।
15 जून 2025 को कैंप का समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन कार्यक्रम में नृत्य, चित्रकला प्रदर्शनी और कहानी प्रस्तुति जैसी विविध सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल रहीं।
बच्चों ने आत्मविश्वास से मंच पर प्रदर्शन किया, जिससे उनके भीतर की प्रतिभा और सीखने की खुशी साफ नजर आई।कैंप में स्वयंसेवक के रूप में कार्य कर रहे शुभम गोमेश्वर ने कहा, “इस कैंप में बच्चों के साथ कार्य कर मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। बच्चों ने न सिर्फ गणित सीखा, बल्कि अपने विचारों को व्यक्त करना और आत्मविश्वास से बोलना भी सीखा।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शिवराज बनवाले ने बताया, “कमाल का कैंप बच्चों के लिए बहुत उपयोगी रहा। शिक्षण को खेल और गतिविधियों के माध्यम से जोड़ना बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को सहज और रोचक बनाता है। समापन समारोह में बच्चों ने जो प्रस्तुतियाँ दीं, वह इस बात का प्रमाण हैं कि वे कितनी रुचि और आनंद के साथ इस कैंप का हिस्सा बने।”

कैंप को लेकर गाँव के समुदाय में भी सहयोग की भावना देखने को मिली। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने बच्चों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया और इसे एक सामुदायिक सफलता के रूप में अपनाया।
