Article/Shyam Kumar Kolare (यक्ष-प्रश्न) 30 जून 2025-
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ग्रीष्मकालीन अवकाश के पश्चात जैसे ही स्कूल पुनः खुलते हैं, एक नई उमंग, उत्साह और उल्लास का वातावरण निर्मित होता है। विशेष रूप से यह दृश्य जून के मध्य में अधिक देखने को मिलता है, जब गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद विद्यालयों में बच्चों की चहचहाहट और किलकारियाँ एक बार फिर लौट आती हैं।
दो महीने तक शांत पड़ी स्कूल की इमारतें, प्रांगण, कक्षा-कक्ष और पुस्तकालय अब बच्चों की भाग-दौड़, शोरगुल और हँसी-मजाक से फिर जीवंत हो उठते हैं। यह दृश्य न केवल शिक्षकों के लिए सुखद होता है बल्कि समाज के लिए भी एक सकारात्मक संदेश लाता है – शिक्षा का क्रम पुनः आरंभ हो चुका है।
स्कूल खुलने के समय सबसे अधिक उत्साह उन छोटे बच्चों में होता है जो पहली बार स्कूल का अनुभव लेने जा रहे होते हैं। ये बच्चे घर के लाड़-प्यार और दुलार से निकलकर एक ऐसे नए संसार में प्रवेश करते हैं जहाँ उन्हें शिक्षा की पहली दीक्षा मिलती है। माता-पिता की गोद छोड़कर शिक्षक की उँगलियों को पकड़कर चलने की शुरुआत उनके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण यात्रा का पहला चरण होती है।
इन बच्चों के लिए स्कूल एक नई दुनिया होती है – नई जगह, नए लोग, नए दोस्त, नए नियम और नई दिनचर्या। यह परिवर्तन उन्हें उत्साहित तो करता ही है, साथ ही थोड़ी घबराहट और डर भी उनके मन में होता है। परंतु धीरे-धीरे जैसे ही वे कक्षा और शिक्षक से परिचित होते हैं, स्कूल उनका दूसरा घर बन जाता है।
प्राथमिक स्तर की शिक्षा केवल अक्षरों और संख्याओं को जानने तक सीमित नहीं है। यह वह समय होता है जब बच्चे अपने आसपास की दुनिया को समझना शुरू करते हैं। स्कूल में उन्हें व्यवहार, अनुशासन, सामाजिकता, सहभागिता, सहयोग, भावनाओं की अभिव्यक्ति और समस्याओं को सुलझाने जैसे गुणों की भी शिक्षा मिलती है। शिक्षक उन्हें न केवल किताबों का ज्ञान देते हैं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं।
एक बच्चा जब विद्यालय आता है तो वह केवल एक छात्र नहीं होता, बल्कि एक भविष्य का नागरिक होता है। प्रारंभिक शिक्षा उसकी सोच, आचरण, व्यवहार, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास की नींव होती है। यदि इस स्तर पर उसे उपयुक्त वातावरण, प्रेरणा और मार्गदर्शन मिले, तो उसका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।
शिक्षक बच्चों के लिए पहले सामाजिक संरक्षक होते हैं। विशेषकर स्कूल के शुरुआती दिनों में बच्चों को अपने परिवार से दूर होकर अनजानी दुनिया में ढलने में कठिनाई हो सकती है। ऐसे में शिक्षक की भूमिका केवल एक पढ़ाने वाले तक सीमित नहीं रह जाती, बल्कि उन्हें एक मार्गदर्शक, मित्र, अभिभावक और सहायक की भूमिका भी निभानी होती है।
एक संवेदनशील शिक्षक बच्चे की शंकाओं को दूर कर उसे सहज बनाने का प्रयास करता है। वह उनके मन में सीखने के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न करता है, डर को खत्म करता है और सीखने को एक आनंदमय अनुभव बनाता है।
शिक्षक अपने अनुभवों से बच्चों को न केवल पुस्तकीय ज्ञान देता है, बल्कि उन्हें सामाजिकता, सहयोग और सहिष्णुता भी सिखाता है। शिक्षा केवल स्कूल तक सीमित नहीं रह सकती। जब बच्चा घर से स्कूल आता है, तो उसे शिक्षा की यात्रा में निरंतर सहयोग की आवश्यकता होती है।
अभिभावकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रारंभिक अवस्था में बच्चों को सीखने के लिए सकारात्मक वातावरण और प्रेरणा की आवश्यकता होती है, जो केवल शिक्षक ही नहीं, अभिभावक भी प्रदान करते हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें, उनकी रुचियों को समझें, उन्हें खुलकर सवाल पूछने दें और अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही, संस्कारों की नींव भी घर से ही डलती है।
इसलिए अभिभावकों को बच्चों में अनुशासन, आदर, प्रेम, करुणा और कर्तव्यबोध जैसे गुणों का भी बीजारोपण करना चाहिए विद्यालय केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों की संस्था नहीं होती, वह समाज का भी एक अभिन्न अंग है। एक जागरूक समाज ही एक समर्थ और समर्पित शिक्षा व्यवस्था को जन्म दे सकता है।
जब समुदाय स्कूल से जुड़ता है – चाहे वह स्थानीय स्वराज संस्थाएं हों, युवा स्वयंसेवक हों या वरिष्ठ नागरिक – तो बच्चों को जीवन से जुड़े अनुभव, प्रोत्साहन और संरक्षण मिलता है। आज देशभर में कई स्थानों पर विद्यालय समुदाय के सहयोग से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने का कार्य कर रहे हैं। स्थानीय भाषा, संस्कृति, पारंपरिक खेल, कहानियाँ, गीत और लोकज्ञान को विद्यालय शिक्षा में सम्मिलित करने से बच्चों को जड़ों से जोड़ना संभव होता है।आज के बदलते समय में यह आवश्यक हो गया है कि शिक्षा प्रणाली बालकेंद्रित हो।
प्रत्येक बच्चा भिन्न होता है – उसकी रुचि, समझने का तरीका, सीखने की गति और भावनात्मक आवश्यकताएँ अलग-अलग होती हैं। ऐसे में शिक्षक और विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं होना चाहिए, बल्कि हर बच्चे की रुचि और आवश्यकता के अनुसार लचीली और संवेदनशील शिक्षण पद्धति अपनानी चाहिए। स्कूल का पहला दिन केवल एक तिथि नहीं होती, वह एक नए जीवन अध्याय की शुरुआत होती है।
बच्चों की किलकारियों से गूंजते विद्यालय केवल शैक्षणिक संस्थान नहीं होते, वे भविष्य की प्रयोगशालाएं होते हैं जहाँ अगली पीढ़ी तैयार होती है। इसलिए यह आवश्यक है कि शिक्षक, अभिभावक और समाज मिलकर एक ऐसा माहौल तैयार करें जहाँ हर बच्चा न केवल ज्ञान प्राप्त करे, बल्कि आनंदित होकर सीखे, अपने भीतर की क्षमताओं को पहचाने और समाज के लिए एक सशक्त, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बन सके।
स्कूल खुलने के इस मौसम में जब हर बच्चा अपनी नन्हीं आँखों में सपनों की चमक लिए कक्षा में प्रवेश करता है, तब हमारा कर्तव्य है कि हम उसके उन सपनों की उड़ान को सही दिशा दें — क्योंकि यही बच्चे कल देश का भविष्य गढ़ेंगेl

Connect Us- Yaksh Prashn
अपनी मौलिक रचना, लेख, विज्ञप्ति अथवा विज्ञापन प्रकाशित करने के लिये हमें मेल करें – yakshprashn1@gmail.com





